Sunday, March 14, 2010

छन्दोमयी से -- तेरे मिलने को

तेरे मिलने को

तेरे मिलन की
सिद्धता है पूरी
माटी की डोरी
तोडी मैंने।

अहं का आईना
सुहृदों की थाती
पुराने बाजार में
बेच डाली।

लाख रिश्ते नाते,
उखाडी हैं जडें,
होंगे अभी सारे
धराशायी।

बही खाते सारे
किए विसर्जित
रख्खे थोडे गीत
टिप्पणी में।

वसूला थोडा सा
भारी ऋण भार
घोषित हुआ मैं
दिवालिया।

चंद्र का शारद,
सूर्य की तपन,
किया विसर्जन
गगन में।

देह का है सौध,
मन है गोपुर,
लाल बंदी-घर
वासना का।

उन्ही के द्वार पर
राजीनामा लिखा,
मुहर और ठप्पा
पूरा किया।

जीवन है कठिन,
डूबा ऊबरा मैं,
सारे का सारांश
शून्य बचा।

वर्षा का मेघ मैं
अब हुआ रीता
चलने को तत्पर
तेरे साथ।

अनुमति हो साथ
ले लूँ थोडे सुर,
शहनाई की धुन से
बिस्मिल्ला के।
-----------------------------

छन्दोमयी से -- तब भी

तब भी

जब मैं न हूँगा
तब भी मैं हूँगा
तुम्हारी पलकों की
अनगढी बूँद में
और आज की तरह
तब भी कहूँगा
आज भी उसी तरह
अनगढ ही हूँ मैं॥
---------------

छन्दोमयी से -- सूर्यपुत्र

सूर्यपुत्र

जिनका बाप नही है
ऐसे सारे अनौरस पुत्रों में
मैं सर्वश्रेष्ठ हूँ ---
सूर्यपुत्र।

मुझे आकार दिया है
सूर्य और पृथ्वी के बीच
एक अज्ञात संकेत ने।

हाँ, दिया होगा जन्म मुझे
शायद किसी पुरुष के वीर्य ने
लेकिन गर्भ के गहन अंधेरे में
लज्जाास्पद बना हुआ मेरा अस्तित्व
जब लक्षदल कमल बनकर
प्रस्फुटित हुआ,
तेजोमय हुआ,

वह तुम्हारे व्यवहार से परे,
सूर्यके आशीर्वाद से
और धरा की ममता से।

इसीलिए मैं वही कानून मानता हूँ
जिनका उगम मानव
या मानव समूह में नही
बल्कि है सूर्य के प्रकाश में
और धरती की ममता में।

केवल वही कानून मैं जानता हूँ
केवल वही कानून मैं मानता हूँ
--------------

छन्दोमयी से -- शुभकामना

शुभकामना

महापुरुष मरते हैं
तब जाग खडे होते हैं,
जगह जगह पर
संगमरमर के पत्थर,
और सरेआम चौराहे पर
चुन देते हैं उनकी आत्मा,
मार डालते हैं उन्हें,
फिर एक बार,
और इस बार
पूरी तरह से।

इसीलिए कहता हूँ
महापुरुष को मरना है
दो बार ----
एक बार अपने बैरियों के हाथ
बाद में अपने भक्तों के हाथ

वह संगमरमरी मृत्यु
तुम्हें नही झेलनी पडे,
यही है मेरी शुभकामना।
-------------

छन्दोमयी से -- ऋण

ऋण

माटीपन
मिटाए न मिटे,
आकाशपन
हटाए न हटे।
आकाश माटी के
संघर्ष में
मेरे जख्मों का ऋण
चुकाए न चुके।
---------

छन्दोमयी से -- मेरे नभ

मेरे नभ

मेरे नभ एक तुम ही हो
मेरे और उसके भी गाँव,
तुम्हें ज्ञात है पूरी कहानी
देख रहे हो उसके घाव।

इस अपार दूरी में भी
मैं तेरा यह नीलापन
बाँट रहा हूँ उससे
इतना ही जीने का सांत्वन।

अपना वत्सल हाथ
घने केशों में फेर के कहना,
दूर मेरे इस गाँव में भी अब
आन चली है रैना।
--------------------------

छन्दोमयी से -- मराठीपन

मराठीपन

मैने अपना मराठीपन
ढूँढना चाहा
सह्याद्रि के पत्थरों में,
संतों के शब्दों में,
इतिहास के पन्नों में।

तब वे सारे हँसकर बोले,
अरे पगले,
हमने तो ढूँढा अपना मराठीपन,
इन भूमिपुत्रों के मन में,
उनकी जखमों में,
उनके रक्त-माँस में,
जिससे निकलती हैं
सूर्य की उसाँसे,
मराठीपन को पार कर
सारे आकाश को बाँहों में भरनेवाली ------ प्रदीप्त !
-------------------------------------------