Saturday, August 6, 2011

महावृक्ष से -- आलंबन

आलंबन

चलो मान लिया,
जब स्वयम् श्रीकृष्ण ने कहा,
'जो देखे मानव रूप में मुझे,
वह मूढ़ है।'
भगवन्, उन मूढों की सूची में
मेरा भी नाम है।

तुम निर्गुण, तुम निराकार,
विश्र्वात्मक तुम, अरूप, अपार।
जाने मेरी प्रज्ञा जाने,
मन ना माने।

मुझे चाहिए रूप तुम्हारा
सगुण साकार,
जो इन नयनों को दे पहचान,
दुर्बलता को धीरज बाँधे,
मन को दे जो आशास्थान।

विश्र्व की इस असीमता में,
मेरा जो एकाकीपन,
रूप तुम्हारा बना रहे मेरा आलंबन।

हाँ, मूढों की सूची में
नाम मेरा भी है,
और साथ एक सांत्वन,
जिस अर्जुन के लिए सुनाई गीता तुमने,
सूची में है उस अर्जुन का
अग्रक्रम।
----------------------------

महावृक्ष से -- आदेश

आदेश

आओ बैठें,
रोना तो लगा है रोज ही
पर आज तो
थोडा हँसें।

अंधेरे का कीर्तन
भूल जायें थोडी देर
हृदय पर लगा लें
उजाले के छापे।

तेरे मेरे जीने के
परात्पर जो स्वामी
उन विश्र्वेश्र्वर सूर्य के
आदेश हैं ऐसे।
-------------

वादळवेल से --ऐसे भी क्षण

ऐसे भी क्षण

आखिर मेरा जीवन यानी सोच है मेरी
तम भी मेरा, दीप भी मेरा, जलन भी मेरी।

परंतु ऐसे भी क्षण आते
लाख खिडकियाँ हैं खुल जातीं,
समेटता हूँ रास्ते पर से,
प्रकाश थोडा, थोडी माटी।

और लौट कर उसी गुफा में फिर से जलना।
उसी ज्वलन में ज्ञान - सोच का फिर से खिलना।
--------------

वादळवेल से --उपमा

उपमा

मैंने कहा था,
चाँद है पुराना,
क्यों वही उपमा
दूँ मैं बार बार।

लेकिन भर गया चाँद
तुझमें कुछ ऐसे,
उपमा कोई दूसरी
गुनाह हो जैसे।
------

वादळवेल से --शर्त

शर्त

शर्त है एक ही
बिछडें जब रास्तें
पीछे मुडकर
देखना नही।

अलग राह लेकर
चलने लगें जब,
अगर या मगर
कहना नहीं।

बाँझ सपनों की
विषमय फुँकार लिए
कलेजे में साँप
पालना नहीं।

दिया तेरे हाथ का
किसी की भी खातिर
अँधेरे कुएँ में
डालना नहीं।
----------------------------

वादळवेल से --पिशाच

पिशाच

निपट अंधेरी रात में
अपने ही अकेलेपन में
चूर मैं।
खटखटाया द्वार किसी ने
देखा चेहरा एक खडा था,
हूबहू मेरा।

घबराया मैं,
चिहुँक उठा मैं,
पूछा कौन, कौन चाहिए ?
आनेवाला
हँसकर बोला
पिशाच हूँ मैं तेरा।

भूतकाल की कबर
अंधियारी, सीलन भरी,
असह्य हो चली।
उठकर आया
तेरे ही पास
और जाऊँ भी कहाँ।

पिशाच था,
पर मेरा ही था
अपनापन तो होना ही था।
आवभगत की
अंदर लाया
बातें भी कीं।

कालचक्र की
दूरी को
कुछ सिमट सका मैं।
उधेड डालीं
कुछ परतें,
कुछ छिला हृदय।

विसंवाद में कभी
शेर की भाँति गरजा।
प्रेम, द्वेष, हास्य के स्मरण में
स्वर भी लरजा।

आखिर आई भोर,
उठ गया,
चला गया
हममें से एक।

छोड गया
शंका,
पूरी उमर के लिए।
कौन गया और
कौन रह गया
मैं या मेरा पिशाच ?
----------

वादळवेल से -- पंख बिजली का

पंख बिजली का

गुनी ग्यानी कहते हैं
पंख नही होते बिजली के,
मैं अज्ञानी, मैं ना जानूँ
नियम तुम्हारी सृष्टि के।

किन्तु एक दिन टूट पडा
नभ मेरे ऊपर
बरसे घनघोर घटा,
तूफान बवण्डर।

फिर कडकी बिजलियाँ
काल - पक्षी मंडराए
तांडव करता प्रलय
मेरा घर कौन बचाए।

हुआ शांत जब, फिरसे
गगन हँसा ममता से,
वहीं औचक यह पंख मिल गया
ईंटों के मलबे से।

मैं कहता यह पंख बिजली का
गुणीजन कहें चाहें जो भी
नभ हो क्रोधित कभी कभी पर
दान भी देता कुछ यों ही।
-----------