Saturday, August 6, 2011

महावृक्ष से -- छुरों का गाँव

छुरों का गाँव

छुरों ने कब्जा किया वह गाँव,
अब वहाँ आदमी बचा ही नही।

सारी बस्ती बस छुरों की।
बाल छुरे, तरुण छुरे, वृद्ध छुरे,
नर छुरे और मादा छुरे।
उनकी संतान भी
छुरों की।

घर में छुरे, रास्तों में छुरे, बाजारों में छुरे,
मंदिर में भी, मधुशाला में भी छुरे।

गाँव की सीमा पर
मानव-रक्त-रंजित
टंगा है एक लाल झंडा,
और चौराहे पर विशाल पुतला,
एक ऐतिहासिक छुरे का।

पुतले के नीचे,
चौथरे पर बैठे,
वृद्ध छुरा कथा कहे
अपने पराक्रम की,
कहाँ, कैसे मारे उन मानवों की।

बाल छुरे पूछते हैं जलते अंगार से,
बाबा, यहाँ तो
आदमी सारे तमाम हुए
अब कहाँ दिखायें हम अपना पराक्रम ?

वृद्ध छुरे ने कहा, मेरे बच्चों,
जिनके पाँव घुसे रहें घर के अंदर
उनका क्या पराक्रम
जाओ, बाहर की दुनियाँ में जाओ,
वहाँ होंगे करोडों मानव,
और उनकी मानवता कुतरनेवाले
असंख्य चूहे भी।

जाओ, उन चूहों से दोस्ती करो,
वही बनेंगे पथदर्शक और तारणहार,
करने से देशाटन,
लाखों मिलें आदमी मारने को,
पनपेंगे चूहे भी असंख्य
गाँव गाँव में तुम्हे तारने को।
------------

महावृक्ष से -- बहन कोकिला

बहन कोकिला

बहन कोकिला
आज आम पर
आ जाना।
एक रात भर
इस डाली पर
रह जाना।

स्पर्श पंख का
और प्रेम का
रख जाना
भोर भये कल
गीत उषा का
गा जाना।

पवन साँझ से
सावधान है
कर रहा।
लिए कुल्हाडी
जंगल में
कोई फिर रहा।

सारे तने
जीर्ण वृक्षों के
गिन रहा।
इसी दिशा में
वार चलाने
आ रहा।
--------------------------------

महावृक्ष से --अनजाने

अनजाने

इस रास्ते के नीचे से
चलते हैं रेले अंगारों के
यह जाना ही न था।

आंगन से फूल चुनकर
सुगंधी सौंदर्य
दिशाओं में बिखेरता
चलता ही रहा मैं।

पता ही न चला
कब मेरे बिन जाने
रास्ते के वे अंगार
नीचे से पहुँचे
मेरी टोकरी में

और जगह ले ली
मेरे ओस-भींगे फूलों की
---------------------------------------

महावृक्ष से -- आलंबन

आलंबन

चलो मान लिया,
जब स्वयम् श्रीकृष्ण ने कहा,
'जो देखे मानव रूप में मुझे,
वह मूढ़ है।'
भगवन्, उन मूढों की सूची में
मेरा भी नाम है।

तुम निर्गुण, तुम निराकार,
विश्र्वात्मक तुम, अरूप, अपार।
जाने मेरी प्रज्ञा जाने,
मन ना माने।

मुझे चाहिए रूप तुम्हारा
सगुण साकार,
जो इन नयनों को दे पहचान,
दुर्बलता को धीरज बाँधे,
मन को दे जो आशास्थान।

विश्र्व की इस असीमता में,
मेरा जो एकाकीपन,
रूप तुम्हारा बना रहे मेरा आलंबन।

हाँ, मूढों की सूची में
नाम मेरा भी है,
और साथ एक सांत्वन,
जिस अर्जुन के लिए सुनाई गीता तुमने,
सूची में है उस अर्जुन का
अग्रक्रम।
----------------------------

महावृक्ष से -- आदेश

आदेश

आओ बैठें,
रोना तो लगा है रोज ही
पर आज तो
थोडा हँसें।

अंधेरे का कीर्तन
भूल जायें थोडी देर
हृदय पर लगा लें
उजाले के छापे।

तेरे मेरे जीने के
परात्पर जो स्वामी
उन विश्र्वेश्र्वर सूर्य के
आदेश हैं ऐसे।
-------------

वादळवेल से --ऐसे भी क्षण

ऐसे भी क्षण

आखिर मेरा जीवन यानी सोच है मेरी
तम भी मेरा, दीप भी मेरा, जलन भी मेरी।

परंतु ऐसे भी क्षण आते
लाख खिडकियाँ हैं खुल जातीं,
समेटता हूँ रास्ते पर से,
प्रकाश थोडा, थोडी माटी।

और लौट कर उसी गुफा में फिर से जलना।
उसी ज्वलन में ज्ञान - सोच का फिर से खिलना।
--------------

वादळवेल से --उपमा

उपमा

मैंने कहा था,
चाँद है पुराना,
क्यों वही उपमा
दूँ मैं बार बार।

लेकिन भर गया चाँद
तुझमें कुछ ऐसे,
उपमा कोई दूसरी
गुनाह हो जैसे।
------