Saturday, August 6, 2011

महावृक्ष से -- मुखौटा

मुखौटा

एक दुख को
असह्य हुआ अपना दुखडा।
बाजार से खरीद लाया
एक मुखौटा
आनंद का।

वही चढाकर गया
आनंद की महफिल में।
थोडे संकोच के बाद
जब देखा सबको सूक्ष्मता से,
पाया हर चेहरे पर
वही मुखौटा,
उसी दुकान से खरीदा हुआ।
------------------------------------------

महावृक्ष से -- मेहमान

मेहमान

अंधेरे के घर में
प्रकाश बना मेहमान,
क्या हो आदान - प्रदान,
जाने न कोई।

दें, गर आलिंगन,
गलती हैं दोनों देह,
स्पर्श हो असह्य,
परस्परों का।

भाषा भी भिन्न यहाँ
कैसा कुशल मंगल,
खडे अशब्द अचल,
रखकर दूरी।

आखिर उठ चला प्रकाश,
सुझाया जाते जाते,
मिलन बेला तय करें,
भोर और गोधूली।
-------------------------

महावृक्ष से -- कली का हक

कली का हक

हर कली को जन्मसिद्ध हक है चटखने का।
माटी से मिली विरासत को गगनपटल पर लिखने का॥

खिले शाही उद्यानों में, या मरुभूमि में उजाड
पर हर कली को हक है, फूल बन कर खिलने का॥

हो गुलाब या कमल कली हो, या नाली पर खिली कली
बाट जोहता होता उसकी प्रकाश कण एक सूरज का॥

हर कली में जिवन्त है दृढ निश्चय पुष्पित होने का
नखरे नाज दिखाने का, औ' सुगंध बरसाने का॥
----------------------------------------------------------

महावृक्ष से -- हास्यास्पद

हास्यास्पद

मरते हैं सभी आदमी,
पर वृत्तपत्रों तक पहुँचनेवाले,
ज्यादा नहीं।

वृत्तपत्रों तक पहुँचनेवाले,
मरते नहीं हैं ---
वे होते हैं दिवंगत,
या होता है उनका निधन।

वे देववाणी में होते हैं दिवंगत,
जबकि सामान्य जन
प्राकृत वाणी में
मर जाते हैं।

आज या कल, मैं भी शायद
दिवंगत हूँगा,
मरूँगा नहीं।
उतनी कमाई गाँठ में
जरूर है।

कम-से-कम, दो काँलमों का शीर्षक
मैं तो छेकूँगा,
अलावा, कुछ लेख, कुछ संस्मरण।

और यदि फूटें न हों बम,
हुए न हों दंगे,
मंदिर, मस्जिद और शेयर बाजार
सुरक्षित हों,
तो पा ही जाऊँगा ----
एकाध संपादकीय भी।

और शोकसभा ?
हाँ, वह भी !
अप्रस्तुत, विसंगत भाषणों भरी,
ऊबे हुए श्रोता,
जो अंत आने तक थक भी चुके होंगे,

जम्हाई को छिपाते हुए,
खडे हो जाएँगे दो मिनट,
सबकी व्याकुल निगाहें टिकी होंगी अध्यक्ष पर,
कि कब वे बैठेंगे।

कुल मिलाकर ---
जीवन की गंभीर कथा को
शाप हास्यास्पद मरने का,
कर्पूर पुतला कोटि कणों का
क्षण में होगा भक्ष्य चिता का।
---------------------------------------------

महावृक्ष से -- धर्म और भगवान्

धर्म और भगवान्

धर्म का भगवान् होता है,
पर भगवान् का धर्म नही होता
इसीलिए
भगवान् है धर्मसे उस पार
धर्म है भगवान् से इस पार।

अपनी अपनी पोथी में
धर्म को बंदी बनानेवाले
दर्शन करते हैं आकाश-गंगा का
अपने अपने आंगन के
चुल्लू भर पानी में।
-------------------------------------

महावृक्ष से -- छुरों का गाँव

छुरों का गाँव

छुरों ने कब्जा किया वह गाँव,
अब वहाँ आदमी बचा ही नही।

सारी बस्ती बस छुरों की।
बाल छुरे, तरुण छुरे, वृद्ध छुरे,
नर छुरे और मादा छुरे।
उनकी संतान भी
छुरों की।

घर में छुरे, रास्तों में छुरे, बाजारों में छुरे,
मंदिर में भी, मधुशाला में भी छुरे।

गाँव की सीमा पर
मानव-रक्त-रंजित
टंगा है एक लाल झंडा,
और चौराहे पर विशाल पुतला,
एक ऐतिहासिक छुरे का।

पुतले के नीचे,
चौथरे पर बैठे,
वृद्ध छुरा कथा कहे
अपने पराक्रम की,
कहाँ, कैसे मारे उन मानवों की।

बाल छुरे पूछते हैं जलते अंगार से,
बाबा, यहाँ तो
आदमी सारे तमाम हुए
अब कहाँ दिखायें हम अपना पराक्रम ?

वृद्ध छुरे ने कहा, मेरे बच्चों,
जिनके पाँव घुसे रहें घर के अंदर
उनका क्या पराक्रम
जाओ, बाहर की दुनियाँ में जाओ,
वहाँ होंगे करोडों मानव,
और उनकी मानवता कुतरनेवाले
असंख्य चूहे भी।

जाओ, उन चूहों से दोस्ती करो,
वही बनेंगे पथदर्शक और तारणहार,
करने से देशाटन,
लाखों मिलें आदमी मारने को,
पनपेंगे चूहे भी असंख्य
गाँव गाँव में तुम्हे तारने को।
------------

महावृक्ष से -- बहन कोकिला

बहन कोकिला

बहन कोकिला
आज आम पर
आ जाना।
एक रात भर
इस डाली पर
रह जाना।

स्पर्श पंख का
और प्रेम का
रख जाना
भोर भये कल
गीत उषा का
गा जाना।

पवन साँझ से
सावधान है
कर रहा।
लिए कुल्हाडी
जंगल में
कोई फिर रहा।

सारे तने
जीर्ण वृक्षों के
गिन रहा।
इसी दिशा में
वार चलाने
आ रहा।
--------------------------------